ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
अरौल, कानपुर नगर।
बिल्हौर विकासखंड के अंतर्गत अरौल थाना क्षेत्र के ग्राम बरंडा स्थित लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे अंडरपास में जलभराव की गंभीर समस्या से ग्रामीण लंबे समय से जूझ रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि एक बार बारिश होने के बाद अंडरपास में पानी लगभग एक माह तक भरा रहता है, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो जाता है।
प्रदीप कुमार कटियार, शिवम कश्यप, विवेक कुमार, मोहित कश्यप ग्रामीणों के अनुसार अंडरपास में उचित जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है। अंडरपास किसी तालाब का रूप ले लेता है, जिससे पैदल राहगीरों, स्कूली बच्चों, किसानों तथा दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग मजबूरी में लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर संबंधित विभाग और प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। जलभराव के कारण दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी रहती है और ग्रामीणों में विभागीय उदासीनता को लेकर भारी रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अंडरपास में जमा पानी की तत्काल निकासी कराने, स्थायी जल निकासी प्रणाली विकसित करने तथा भविष्य में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

