सब्जी बेचने के दौरान हुआ विवाद, साला गंभीर घायल; आरोपी बेटा फरार
गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र के मझई निवादा गांव में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में साले और बहनोई पर लाठी-डंडे, सरिया व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि उसका बेटा फरार है।
मझई निवादा निवासी विकलांग चंद्रभान सोमवार शाम अपने साले अजय के साथ गांव के बाहर मदनेपुर बंबा के पास सब्जी बेच रहा था। इसी दौरान गांव के देवी प्रसाद और उसके बेटे नरेश का चंद्रभान व अजय से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिता-पुत्र ने अन्य साथियों के साथ मिलकर दोनों पर लाठी-डंडों, सरिया और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में चंद्रभान और अजय गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। चंद्रभान की पत्नी सोनावती के अनुसार, सूचना मिलने पर वह घटनास्थल पहुंची तो उसके पति और भाई अजय घायल अवस्था में पड़े थे। आरोपियों ने लगातार मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। सोनावती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी देवी प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया। वहीं, फरार आरोपी नरेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

