शब्द मेल- ब्यूरो आदित्य कुमार “आनन्द
हाजीपुर (वैशाली)। विधानसभा की प्राक्कलन समिति के अध्ययन दल के हाजीपुर आगमन पर जिला पदाधिकारी, वैशाली श्रीमती वर्षा सिंह ने अध्ययन दल के सदस्यों के साथ जिले के विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श के पश्चात् पौधारोपण किया।
जिला पदाधिकारी ने अध्ययन दल के सदस्यों के साथ वैशाली स्थित ऐतिहासिक पुष्करणी पोखर एवं नेपाली मंदिर के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण को लेकर विचार-विमर्श किया। उन्होंने दोनों ऐतिहासिक स्थलों के महत्व को रेखांकित करते हुए इनके संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की आवश्यकता पर चर्चा की।
अध्ययन दल के सदस्यों ने ऐतिहासिक नेपाली मंदिर का स्थल निरीक्षण कर इसकी वर्तमान स्थिति एवं जीर्णोद्धार की संभावनाओं का जायजा लिया। समिति के सदस्यों ने मंदिर के संरक्षण एवं जीर्णोद्धार की दिशा में हरसंभव सहयोग का आश्वासन जिला पदाधिकारी को दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि वैशाली की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में है। ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास से जिले की गौरवशाली विरासत को सुरक्षित रखने के साथ-साथ पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा


