जितेन्द्र सिंह जीतू आगरा मंडल प्रभारी: शब्द मेल समाचार
कुरावली (मैनपुरी)। थाना कुरावली पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल तमंचे की वीडियो के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी कुरावली के पर्यवेक्षण में अवैध शस्त्रों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को ग्राम उम्मेदपुर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान तमंचा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी मामले की जांच के बाद बुधवार को पुलिस ने कमलेश पुत्र चंद्रपाल, निवासी मोहल्ला उम्मेदपुर, थाना कुरावली, जिला मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के विरुद्ध थाना कुरावली में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामेश्वर दयाल, कांस्टेबल मोहित कुमार तथा कांस्टेबल विशाल की टीम ने चंद्रपुरा अंडरपास बाईपास के पास की। पुलिस ने बताया कि जनपद में अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

