गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर। थाना बिल्हौर पुलिस ने बुधवार को ग्राम निबौरी के शिहुरा दारा शिकोह जंगल स्थित ट्यूबवेल पर चल रही कथित अवैध असलहा फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। मौके से एक अर्धनिर्मित देशी तमंचा 315 बोर समेत असलहा बनाने के उपकरण और दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों की पहचान धीरेन्द्र सिंह निवासी नेरा ठठिया रोड, मुखिया कोल्डस्टोर के पास,मानीमऊ कोतवाली कन्नौज, सर्वेश लोधी निवासी लुधीपुरी, कोतवाली कन्नौज और विकास निवासी ग्राम निबौरी, थाना बिल्हौर के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से चार नाल, चार सॉकेट, रेती, आरी ब्लेड, हथौड़ी, ब्लोअर, प्लास, पेंचकस समेत तमंचा बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए। इसके अलावा होंडा शाइन बाइक संख्या यूपी 74 एम 0416 और स्प्लेंडर प्लस बाइक संख्या यूपी 78 जीई 3046 भी कब्जे में ली गई हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम निबौरी निवासी विकास यादव और उसके चाचा द्वारा कन्नौज के आरोपितों के साथ मिलकर जंगल में स्थित ट्यूबवेल पर अवैध असलहे तैयार किए जा रहे थे। पूछताछ में आगामी पंचायत व विधानसभा चुनाव के दौरान अशांति फैलाने के उद्देश्य से असलहे तैयार किए जाने की बात सामने आने की जानकारी पुलिस ने दी है।
बिल्हौर पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 219/2026, धारा 5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

