गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिठूर गंगा नदी में स्नान के लिए जा रहे ग्रामीणों से भरी एक कार शिवली-चौबेपुर मार्ग किनारे स्थित करीब 7 से 8 फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि चालक समेत सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, भोलापुर निवासी भगवान दास अपने परिवार और अन्य रिश्तेदारों के साथ गुरुवार सुबह बिठूर स्थित गंगा नदी में स्नान करने के लिए निकले थे। कार में चालक समेत कुल आठ लोग सवार बताए गए हैं। शिवली-चौबेपुर मार्ग पर अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। गड्ढे में काफी पानी भरा होने के कारण कार का अधिकांश हिस्सा पानी में डूब गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पानी में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे चालक समेत सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल भगवान दास की पत्नी जानकी की हालत गंभीर होने पर उन्हें हैलट अस्पताल, कानपुर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को गड्ढे से बाहर निकलवाने की कार्रवाई शुरू कराई। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

