गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिल्हौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने धोखाधड़ी एवं वाहन चोरी के मामलों में वांछित एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के निर्देश तथा पुलिस उपायुक्त पश्चिम और सहायक पुलिस आयुक्त बिल्हौर के पर्यवेक्षण में थाना बिल्हौर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त जगत पाल पुत्र अवध राम को राढा पुल अंडरपास के पास हाइवे से गिरफ्तार किया। आरोपी बिल्हौर क्षेत्र के रहसतपुर कसवा बिल्हौर का निवासी है तथा उसके विरुद्ध धोखाधड़ी, जालसाजी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल बरामद की। जांच में पता चला कि उक्त बाइक थाना कल्याणपुर क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वाहन चोरी का एक और मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके विरुद्ध विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना बिल्हौर पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

