गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
बिल्हौर। अरौल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेर्राखानपुर में रविवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, छात्राओं, आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश तथा अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध, कमिश्नरेट कानपुर नगर के निकट पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अरौल के नेतृत्व में आयोजित हुआ। मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी महिला उपनिरीक्षक प्रीतांजलि ने महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, महिला सुरक्षा संबंधी सरकारी योजनाओं, थाने में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली तथा साइबर सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं से उनकी समस्याएं भी सुनी गईं। छात्राओं एवं युवतियों को बताया गया कि यदि कोई उन्हें प्रताड़ित या परेशान करता है तो वे बिना संकोच मिशन शक्ति केंद्र अथवा थाना अरौल के सीयूजी नंबर पर तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
वक्ताओं ने कहा कि “बेटियां हमारा गुरूर हैं, बहुएं हमारा अभिमान; बेटियां हमारा कल हैं, तो बहुएं हमारा आज।” इसी भावना के साथ आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं में आत्महत्या की प्रवृत्ति एवं दहेज उत्पीड़न जैसी घटनाओं में कमी लाना तथा युवतियों को जल्दबाजी में लिए जाने वाले निर्णयों के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी महिला उपनिरीक्षक प्रीतांजलि, महिला कांस्टेबल रोशनी एवं महिला कांस्टेबल करिश्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, छात्राएं, आशा बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

