गगनेश तिवारी ब्यूरो शब्द मेल समाचार बिल्हौर कानपुर नगर
ककवन पुलिस को मिली सफलता, लूट की घटना में वांछित अभियुक्त दबोचा गया
ककवन, कानपुर नगर।
ककवन थाना पुलिस ने लूट की घटना में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई नकदी बरामद की है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ककवन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए लूटकांड के आरोपी अरुण उर्फ मीरा पुत्र रामपाल निवासी ग्राम दौलतपुर, थाना तड़िया, जनपद कन्नौज को गिरफ्तार किया। आरोपी को रसूलाबाद-मकनपुर रोड के पास चौकी क्षेत्र विषधन से गिरफ्तार किया गया।
थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह राजपूत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अभियुक्त को दबोचकर उसके पास से लूट की घटना से संबंधित 1700 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी के विरुद्ध थाना ककवन में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके विरुद्ध पूर्व में आबकारी अधिनियम सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना ककवन पुलिस की टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और मजबूती मिली है।

