विवेक कुमार संबाददाता ककवन कानपुर नगर
पुलिस ने कार कब्जे में ली, नंबर प्लेट के आधार पर कार मालिक की तलाश; मामले की जांच जारी
ककवन ककवन.थाना क्षेत्र के गढ़ेवा गांव के पास गुरुवार सुबह
एक ऑल्टो कार निचली गंग नहर में गिर गई। कार में चार साधु सवार थे, जो हादसे के बाद नहर से बाहर निकलकर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को नहर से निकलवाकर कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब नौ बजे चार साधु गढ़ेवा गांव पहुंचे थे। बताया गया कि वे ग्राम प्रधान मानस मिश्रा के घर कुछ देर रुके और बाद में गांव के लोगों से पैसे मांगने लगे। कुछ ग्रामीणों ने उन्हें 100-100 रुपये भी दिए। इसके बाद चारों साधु ऑल्टो कार से ककवन की ओर रवाना हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गढ़े वा गांव से कुछ दूरी पर कार अचानक अनियंत्रित होकर निचली गंग नहर में जा गिरी। आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे,*लेकिन तब तक कार में सवार चारों साधु नहर से निकलकर फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना पर ककवन पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी जितेंद्र राजपूत ने बताया कि कार को नहर से निकाल लिया गया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर नंबर प्लेट के आधार पर वाहन स्वामी का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही फरार हुए लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार किसकी है, उसमें सवार लोग कौन थे और हादसे के पीछे वास्तविक कारण क्या है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

