जितेन्द्र सिंह जीतू आगरा मंडल प्रभारी शब्द मेल समाचार
मैनपुरी में एक महिला ने अपने लापता पति की बरामदगी के लिए पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति के मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप पर फिरौती का संदेश आया, जिसमें ₹5,000 भेजने के बदले पति को जीवित दिखाने की बात कही गई।
महिला विनीता देवी, निवासी नगला भक्त, के अनुसार उनके पति शिवम 23 जुलाई 2026 की शाम सिंधिया तिराहे, मैनपुरी से लापता हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर कोतवाली मैनपुरी में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
पीड़िता का आरोप है कि 26 जुलाई को उनके पति के मोबाइल से व्हाट्सएप पर फिरौती का संदेश आया। इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि केनरा बैंक खाते से ₹23,322.60 भी निकाल लिए गए।
महिला ने पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता से जांच कर पति की सकुशल बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नोट: यह जानकारी पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों के आधार पर है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

